सुल्तानपुर। विधानसभा मतदाता सूची में अपने नाम न देखकर रविवार को सैकड़ों लोग चकरा गए। ऐसे लोगों से दोबारा फाॅर्म भरवाया गया है। सूची देखने के लिए अधिकांश बूथों पर वोटरों में होड़ लगी रही।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार व रविवार को बूथों पर बीएलओ के माध्यम से सूची पहुंचाई गई। हालांकि शनिवार को अधिकांश बूथों पर सूची नहीं पहुंच सकी थी। जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने बीएलओ पर शिकंजा कसा था। इसके बाद रविवार को बूथों पर सूची पहुंचते ही वोटर लिस्ट देखने के लिए मतदाताओं में होड़ लग गई। शहर के गोराबारिक बूथ पर सुबह 11 बजे वोटर लिस्ट देखने के लिए लोग बीएलओ के काउंटर पर खड़े रहे।
धम्मौर के नूरपुर मामपुर बूथ पर भी मतदाताओं ने पहुंचकर सूची का अवलोकन किया। गोराबारिक में सूची सही पाई गई, लेकिन मामपुर समेत कई जगहों पर लोगों के नाम गायब थे। यही हाल ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश बूथों का रहा। सूची में नाम गायब मिलने पर बीएलओ की ओर से मतदाता बनाने के लिए फाॅर्म छह भरवाया गया। साथ ही दर्जनों लोगों ने नाम संशोधन व कुछ लोगों ने मृतकों का नाम काटने के लिए आवेदन भरा।
सेक्टर मजिस्ट्रेट शंभू नाथ ने बूथ का जायजा लिया। उन्होंने रमैयापुर, मनभवना धम्मौर आदि बूथों का निरीक्षण किया। बताया कि नूरपुर मामपुर बूथ पर 29 मतदाताओं की बढ़ोत्तरी हुई। इस मौके पर बीएलओ, सुपरवाइजर सुशील कुमार यादव मौजूद रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि बूथों पर सूची निरीक्षण के लिए भेजवाई गई थी, ताकि कटे व छूटे हुए लोगों का नाम जुड़ सके। आए आवदेनों को सूची में शामिल कराया जाएगा।