सुल्तानपुर। बिजली दरों में होने वाली बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा।
डाकखाना चौराहा स्थित पार्टी के शिविर कार्यालय पर स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष महमूद खान ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले बिजली दरों में कटौती करने की बात कही थी। दरों में कमी तो दूर सरकार 23 फीसदी बिजली महंगी करने जा रही है।
बौद्ध प्रांत सचिव अजीत श्रीवास्तव ने कहा कि लगातार महंगाई बढ़ाकर प्रदेश सरकार आम जनता के खर्च का बोझ और बढ़ा रही है। महिला जिलाध्यक्ष ज्योति उपाध्याय ने कहा कि इस सरकार में रसोई चलाना दुश्वार हो गया है। अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि कहा कि सरकार ने रोडवेज बसों का किराया बढ़ाकर आम आदमी के ऊपर बोझ बढ़ा दिया है।
इसके बाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन दिया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, महासचिव रामविलास तिवार, बुद्धजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम नायक तिवारी, इसौली प्रभारी अशफाक अहमद, शोभनाथ यादव, रमाशंकर गौतम, रामसहाय दुबे व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।