कूरेभार (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के दखिनवारा गांव में बुधवार सुबह खेत के किनारे मिले संंविदा लाइनमैन की मौत के मामले में शुक्रवार को उसके साथी संविदा कर्मी व अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। यह केस संविदा लाइनमैन के ताऊ की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया है।
कूरेेभार थाना क्षेत्र के दखिनवारा गांव में खेत के किनारे बुधवार सुबह अयोध्या जिले के हैदरगंज थाने के घोंपा गांव के संविदा लाइनमैन कन्हैयालाल उर्फ कुंदन का शव पड़ा मिला था। बृहस्पतिवार को मृतक के ताऊ त्रिभुवन यादव ने कूरेभार थाने में तहरीर दी। आरोप है कि मंगलवार शाम उनके गांव का आरोपी सुरेंद्र उनके भतीजे कन्हैयालाल को अपनी बाइक से लेकर गया था।
बुधवार सुबह भतीजे का शव दखिनवारा गांव में पड़ा मिला था। घटनास्थल से कुछ दूरी पर आरोपी सुरेंद्र के खून से लथपथ कपड़े भी मिले थे। सुरेंद्र ने कन्हैयालाल से उधार पैसा लिया था। पैसे के लेन-देन को लेकर आरोपी ने उनके भतीजे की हत्या कर दी।
कूरेभार थाने के प्रभारी निरीक्षक शारदेंदु दुुबे ने बताया कि त्रिभुवन यादव की तहरीर पर घोंपा गांव निवासी सुुरेंद्र समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।