सुल्तानपुर। जिले में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जिले में मानसून के प्रवेश की संभावना है, जबकि बृहस्पतिवार से अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि बुधवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बताया कि मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश से खिले किसानों के चेहरे
अखंडनगर। मंगलवार सुबह 11 बजे हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली और धान की फसल को संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है। गोपालपुर निवासी किसान मुलायम ने बताया कि सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने और गर्मी से धान की नर्सरी प्रभावित हो रही थी। जफरपुर निवासी लवकुश पांडेय ने बताया कि गांव की खराब सड़क पर कीचड़ भर जाने से आवागमन में दिक्कत हो रही है।