पिचकारी के साथ होली खेलने का मजा ही कुछ अलग होता है। यही वजह है कि हर बार होली में रंगों और पिचकारियों की अलग-अलग वैरायटी व रेंज बाजार में दिखाई पड़ती है। इस बार मोदी मास्क और डोरेमोन पिचकारी की मांग ज्यादा है। लोग हर्बल रंग को तवज्जो दे रहे हैं।
होली का त्यौहार करीब आते ही पिचकारियों और रंगों की बहार आ जाती है। हर घर में बच्चों से लेकर बड़ों तक में होली का उत्साह बढ़ जाता है। इस बार भी होली को लेकर बाजार की रौनक बढ़ गई है। मार्केट में होली के आइटम की भरमार है। कई वैरायटी के साथ अलग-अलग डिजाइन की पिचकारियां बाजार में छाई हैं। टीवी में आने वाले एक कार्टून सीरियल के पात्र डोरेमोन, टेडी बियर के अलावा वाटर मिक्की, चश्मा, घड़ी, कैट, वाटर टैंक, त्रिशूल, गदा पंप की पिचकारियों की वैरायटी दुकानों पर सजा दी गई है। स्पाइडर मैन, पेप्सीगन, सुपरमैन, बैटमैन आदि पिचकारियां भी मार्केट में धूम मचा रही हैं।
फलों की खुशबू के संग खिलेगा होली का रंग
सुल्तानपुर। इस बार होली पर बाजार में भी कई किस्म के रंग और गुलाल शोभा बढ़ा रहे हैं। फलों की खुशबू वाले फ्रूट कलर व पटाखों की तरह विस्फोट के साथ रंगों की बौछार करने वाली रंगों की कलर चटाई ने भी मार्केट में धूम मचा रखी है। सादे रंगों के साथ हर्बल रंग भी बाजार में मौजूद हैं। रंग व पिचकारी के विक्रेता जमुना प्रसाद कसौंधन बताते हैं कि लाल, हरा, नीला, पीला, गुलाबी, सफेद समेत विभिन्न प्रकार के रंग व अबीर-गुलाल बाजार में हैं। रंग व अबीर-गुलाल खुले और पैकेट में भी उपलब्ध हैं। अलग-अलग ब्रांड एवं लोकल की कीमत भी भिन्न है।