होली को अब कुछ ही दिन बचे हैं। घर में लोगों ने होली के लिए विशेष पकवान बनाने शुरू कर दिए हैं। त्यौहार को लेकर बाजार भी सज गए हैं। इस बार मिठाई के बड़े दुकानदारों ने गुझियों की खास रेंज पेश की है। सादी गुझिया के अलावा काजू, केसर और अंजीर की गुझिया त्यौहार की रौनक और बढ़ा रही है।
मिठाई विक्रेता के मुताबिक अंजीर गुझिया लोगों को ज्यादा पसंद आ रही है। विभिन्न वैरायटी की गुझिया का रेट 340 रुपये से लेकर 500 रुपये प्रति किलोग्राम तक है। होली का त्यौहार मनाने के लिए लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेवा और मिठाई का बाजार चढ़ने लगा है। ड्राई फ्रूट्स पर भी लोगों की खास नजर है।
मिठाइयों की दुकान पर डिजाइनर गुझिया और होली में सेवन करने वाले अन्य मिष्ठानों पर लोग ज्यादा जोर दे रहे हैं। मेवे का भी होली में विशेष महत्व रहता है। घर में बनने वाली गुझिया और अन्य पकवानों में सूखे मेवे का उपयोग किया जाता है। काजू, गरी, किशमिश, बादाम, छुहारा आदि वस्तुओं की डिमांड बढ़ी है।
मिठाई दुकानदार दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि लोग गिफ्ट भेजने के लिए अभी से केसर और अंजीर गुझिया की खरीदारी कर रहे हैं। सादी गुझिया की भी औसत बिक्री रोज हो रही है। लोगों को आकर्षित करने के लिए गुझिया को आकर्षक डिजाइन दी गई है। बिक्री बढ़ाने के लिए प्रतिष्ठानों पर आकर्षक पैकिंग भी की जा रही है।
सूखे मेवों के दाम
ड्राई फ्रूट्स कीमत
काजू 720
छुहारा 120
बादाम 720
किशमिश 240
चिरौंजी 1000
गरी 180
मिठाई के दाम
मिक्स मिठाई 300-350
गुझिया 340
नोट : ड्राई फ्रूट्स व मिठाई की कीमत रुपये/किग्रा. में है।