बंधुआकलां (सुल्तानपुर)। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने शुक्रवार को मौलवी (हाईस्कूल) और आलिम (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट घोषित किया। पूरे प्रदेश में सर्वाधिक अंक लाकर नरहरपुर के मो़ आकिब ने मौलवी परीक्षा में टाॅप किया है। आकिब को 600 में से 536 अंक मिले हैं।
नरहरपुर निवासी किसान मोहम्मद इमरान के एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्र मो. आकिब ने प्राथमिक, जूनियर की शिक्षा गांव के ही मदरसे में लेने के बाद कक्षा-नौ में मुसाफिरखाना के पूरे मो़ नेवाज में स्थित मदरसा गाजी मसूदुल उलूम में प्रवेश लिया।
मो़ आकिब बताते हैं कि उनके घर में शुरू से ही पढ़ाई का माहौल था। देश सेवा के लिए सेना में भर्ती होने का जज्बा लिए आकिब आगे की पढ़ाई के लिए अलीगढ़ जाना चाहते हैं। आकिब की सफलता पर बहन आलिया, नादिरा, अरबिया और माता सगीरुलनिशा गदगद हैं। आलिया ने कहा कि भाई ने पूरे प्रदेश में टाॅप कर हम सब भाई-बहनों का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
प्रबंधक मो़ तौकीर खान, प्रिसिंपल मो़ यूसुफ, प्रधान नंदलाल, हाजी नसीम, हाजी वकील, रफीक, हयात उल्ला ने आकिब की कामयाबी पर बधाई दी है।