लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात करते विधायक राजप्रसाद उपाध्याय।
सुल्तानपुर। सदर (जयसिंहपुर) विधानसभा क्षेत्र के विकास में पंख लगाने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक राजप्रसाद उपाध्याय ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विकास का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बरौंसा और कूरेभार को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने समेत अन्य मांग उठाई है।
विधानसभा चुनाव के समय सदर विधायक राजप्रसाद ने बरौंसा व कूरेभार को नगर पंचायत का दर्जा व सेमरी को ब्लॉक का दर्जा दिलाने का आश्वासन क्षेत्रीय लोगों को दिया था। इसका प्रस्ताव शासन में भेजा था। उनके प्रस्ताव पर एक बार विवरण मांगा जा चुका है।
इधर, धीमी पड़ी प्रक्रिया को देखते हुए सदर विधायक ने शनिवार को मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की सीएम को जानकारी दी। मुख्यमंत्री से बरौंसा और कूरेभार को नगर पंचायत, सेमरी बाजार को ब्लॉक व चीनी मिल के क्षमता वृद्धि की मांग दोहराई।
इसके साथ ही शिव मंदिर बेलवाई को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग भी की। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। उनके साथ विशाल शुक्ल भी मौजूद रहे।