जिले में पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मल स्कैनर किट खरीद व भुगतान के मामले में डीपीआरओ के निलंबन के बाद भी प्रकरण का पटाक्षेप नहीं हो रहा है। डीपीआरओ पर कार्रवाई के बाद लंभुआ भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को फिर पत्र लिखा है। जिसमें विधायक ने डीएम की मंशा पर सवाल उठाते हुए सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है।
विधायक देवमणि ने सीएम योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में अन्य जिलों की अपेक्षा जिले में कोरोना किट खरीद महंगी दर पर करने का आरोप लगाया है। कहा कि 24 जुलाई को कोरोना किट का शासन से रेट जारी होने के बाद भी कई दिनों तक महंगी दर पर खरीदे गए थर्मल स्कैनर व पल्स ऑक्सीमीटर का भुगतान ग्राम पंचायतों से कराया जाता रहा।
यही नहीं एक अगस्त को शासकीय व्हाट्स एप ग्रुप पर अफसरों ने डीएम के आदेश का जिक्र करते हुए एडीओ पंचायतों पर प्रत्येक ग्राम पंचायतों से भुगतान कराने का दबाव बनाया। विधायक ने शासनादेश जारी होने के कई दिन बाद तक भुगतान पर रोक नहीं लगाने व भुगतान के लिए दबाव बनवाने के मामले में डीएम की मंशा पर सवाल उठाया है।