बल्दीराय (सुल्तानपुर)। इसौली के सपा विधायक ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के धरावां में बन रही सड़क का निरीक्षण किया। मिट्टी-गिट्टी का संयुक्त मिश्रण देखकर उनका पारा चढ़ गया। विधायक ने एक्सईएन को फोन कर कहा कि ठेकेदार के खिलाफ एक्शन लेकर कंपनी को ब्लैकलिस्टेड की कार्रवाई की जाए। साथ ही जेई और एई को सस्पेंड कीजिए।
विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने सीएचसी बल्दीराय व तहसील बल्दीराय का भी निरीक्षण किया। मीडिया से बात करते हुए विधायक ने कहा कि तहसील में बिल्डिंग निर्माण चल रहा है। सीएचसी में दवाओं को चेक किया। सीएचसी में एक्सरे मशीन मौजूद है, लेकिन यहां टेक्नीशियन नहीं हैं। तब विधायक ने सीएमएस से कहा है डिमांड कीजिए, यदि परमानेंट टेक्नीशियन नहीं मिलता है तो संविदा पर लेकर आइए।
इसके अलावा विधायक ने धरावां में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित हो रही सड़क का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि वहां गिट्टी के साथ मिट्टी का इस्तेमाल हो रहा था। हमने एक्सईएन को बोला है कि क्विक एक्शन लें। विधायक ने अंत में कहा कि इसौली विधानसभा क्षेत्र में इस कंपनी को सड़क का काम नहीं करने देंगे।