फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: मंत्री जी... यहां भी ली जा रही खाद की ज्यादा कीमत

Tue, 24 Jun 2025 12:28 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
साधन सहकारी समिति नेवादा से यूरिया खाद साइकिल पर लादकर ले जाते किसान। संवाद
विज्ञापन
सुल्तानपुर। मंत्री जी! राजधानी में ही नहीं, जिले में भी किसानों को यूरिया व रासायनिक उर्वरकों के नाम पर लूटा जा रहा है। यूरिया की 45 किलो की बोरी का सरकारी रेट 266.50 रुपये निर्धारित है लेकिन ओवररेटिंग कर मनमाना दाम वसूला जा रहा है। सहकारी समितियों पर 10 रुपये तो कहीं 20 रुपये तक की वसूली हो रही है। अगर आधार कार्ड नहीं है तो यह वसूली 50 से 60 रुपये तक पहुंच जाती है। अमूमन हर सहकारी समिति पर यूरिया 280 रुपये प्रति बोरी की दर से किसानों को दी जा रही है जबकि निजी दुकानों पर रेट 310 रुपये है।
विज्ञापन




महंगे दाम पर डीएपी और यूरिया की हो रही बिक्री
करौंदीकला (सुल्तानपुर)। क्षेत्र की सहकारी समिति कटघर पूरे चौहान पर सोमवार दोपहर दो बजे ताला बंद था। यूरिया लेने आए किसान ओमप्रकाश चौबे ने बताया कि समिति बंद है। अब निजी दुकान पर ज्यादा दाम देकर यूरिया खरीदनी पड़ेगी। विष्णु गोपालपुर निवासी किसान राजीव चौबे ने बताया कि सहकारी समिति पर ताला बंद होने से निजी दुकान से यूरिया 310 रुपये में खरीदा। निजी दुकान पर डीएपी 1450 और समितियों पर 1350 रुपये में बेची जा रही है। हालांकि, यूरिया का सरकारी मूल्य 266.50 रुपये है।


समिति पर 280 रुपये में बिक रही यूरिया
विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। बल्दीराय ब्लॉक में कुल नौ सहकारी समितियां हैं। इनमें नेवादा, आलियाबाद, इसौली, बघौना, मीरपुर दौलतपुर, रैंचा, कांपा, तिरहुंत और हलियापुर शामिल हैं। सोमवार दोपहर 1:30 बजे नेवादा समिति पर यूरिया की बिक्री हो रही थी। उसी दौरान साइकिल से हरि प्रसाद और महेश कुमार यूरिया की बोरी लादकर घर ले जाते दिखे। पूछने पर बताया कि आधार कार्ड से समिति पर 280 रुपये में यूरिया दी गई। अगर आधार कार्ड नहीं है तो अतिरिक्त 50-60 रुपये देने पड़ते हैं।
विज्ञापन



समितियों पर यूरिया भरपूर, फिर भी वसूली
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति दियरा, मैरी संग्राम, पारसपट्टी, बढ़ौनाडीह, पदारथपुर उपाध्याय और हमजाबाद पर यूरिया-डीएपी भरपूर है। सोमवार दोपहर 1:15 बजे दियरा समिति पर एक किसान यूरिया खाद लेने आया था। किसान ने बताया कि आधार कार्ड का नंबर लेने के बाद 280 रुपये में यूरिया दी गई।


उर्वरक की ओवर रेटिंग करने पर निरस्त होगा लाइसेंस
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि उर्वरक की ओवर रेटिंग करने वालों का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। ज्यादातर समिति वाले किसानों को यूरिया के साथ सल्फर का एक किलो पैकेट लेना अनिवार्य बताते हैं। इसी संबंध में सोमवार को समिति के संचालकों के साथ बैठक की गई है। निर्देश दिया गया कि किसानों पर जबरन दबाव बनाया तो एफआईआर दर्ज कराने की भी कार्रवाई की जाएगी।


जिले में 1,27,317 हेक्टेअर में होगी धान की खेती
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि जिले में इस बार 1,27,317 हेक्टेयर में किसान धान की खेती करेंगे। अभी जिले में एक लाख 60 हजार क्विंटल यूरिया उपलब्ध है। धान की रोपाई के बाद जुलाई-अगस्त में यूरिया की मांग सबसे ज्यादा चार लाख 40 हजार क्विंटल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें