हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर सोमवार को शहर के पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपदीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल सात टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ट्रेनीज ए टीम को पराजित कर एमजीएस की टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सीनियर हॉकी खिलाड़ी हबीबुर्रहमान व राष्ट्रीय खिलाड़ी मो. हलीम ने संयुक्त रूप से किया। हॉकी प्रतियोगिता का पहला मैच केंद्रीय विद्यालय अमहट व टाइनी टॉट्स विद्यालय ए के बीच खेला गया। इसमें केंद्रीय विद्यालय की टीम ने 2-0 से बाजी मारी। दूसरा मैच दिल्ली मांटेसरी स्कूल व स्टेडियम ट्रेनीज ए के मध्य हुआ। इसमें स्टेडियम ट्रेनीज ए की टीम 2-0 से विजेता रही। प्रतियोगिता का तीसरा मैच एमजीएस इंटर कॉलेज व स्टेडियम ट्रेनीज बी के बीच खेला गया।
इसमें एमजीएस इंटर कॉलेज की टीम ने 2-0 से बाजी मारी। प्रतियोगिता के चौथे मैच में केंद्रीय विद्यालय अमहट को 2-0 से हराकर स्टेडियम ट्रेनीज ए की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एमजीएस इंटर कॉलेज व स्टेडियम ट्रेनीज ए के बीच खेला गया। इसमें एमजीएस की ओर से पहला गोल मो. सरफराज व दूसरा गोल श्रेष्ठ सागर ने किया। एमजीएस की टीम ने स्टेडियम ट्रेनीज को 2-1 से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को डॉ. आरए वर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।