लंभुआ (सुल्तानपुर)। स्वीकृत भार से ज्यादा विद्युत उपभोग करने का दबाव बनाकर मीटर रीडर हर माह रेस्टोरेंट संचालक से अवैध वसूली करता रहा। रेस्टोरेंट संचालक ने महकमे के अफसरों से बीते दिनों इसकी शिकायत कर दी। शिकायत के बाद अधिशासी अभियंता ने मीटर रीडर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और बिलिंग कार्य से हटाने के निर्देश दिए हैं। इससे विद्युत कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर पंचायत के शिवनगर (बेदूपारा) मोहल्ले में मौजूद एक रेस्टोरेंट के प्रबंध निदेशक गौरव तिवारी ने प्रकरण की शिकायत की थी। शक्ति भवन के उच्च पदस्थ अफसरों से की गई शिकायत में गौरव तिवारी का आरोप था कि मीटर रीडर प्रत्येक महीने विद्युत उपभोग का भार स्वीकृत भार से ज्यादा बताकर रकम वसूल करता था। जबकि, रेस्टोरेंट का उपभोग भार स्वीकृत भार 10 किलोवाट से कम का था। प्रत्येक माह वसूली से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
इस प्रकरण का वीडियो और ऑडियो क्लिप भी रेस्टोरेंट संचालक ने अफसरों को भेजा था। बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता ऋतेश्वर बंधु ने कार्यदायी संस्था इंवेटिव साॅफ्टवेयर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सर्किल अफसर को भेजे गए आदेश में मीटर रीडर कमलेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा है। साथ ही उसे बिलिंग कार्य से हटाने के भी आदेश दिए हैं। कार्यदायी संस्था को भेजे पत्र में लिखा गया है कि मीटर रीडर की करतूत से विभाग की छवि भी धूमिल हुई है।