गौरीगंज। वर्ष 2014-15 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 474 छात्र-छात्राओं को जल्द ही शासन की अति महत्वाकांक्षी लैपटॉप योजना का लाभ मिलेगा। शासन की ओर से इस आशय का निर्देश डीआईओएस कार्यालय को प्राप्त हो चुका है। जारी आदेश में कहा गया है कि लैपटॉप बोर्ड की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची में ऊपर से नीचे के क्रम में किया जाएगा। जिले में योजना का लाभ यूपी बोर्ड के साथ ही सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को मिलेगा।
प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी लैपटॉप योजना का लाभ विद्यार्थियों को मिल सके इसके लिए शासन के आदेश पर प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार की ओर से आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि जिले में इस योजना का लाभ वर्ष 2014-15 में यूपी बोर्ड से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 217-217 विद्यार्थियों के साथ सीबीएसई बोर्ड से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाले 20-20 विद्यार्थियों को मिलेगा।
शासन की ओर से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्यार्थियों को दिया जाने वाला लैपटॉप वर्ष 2012 में वितरण के बाद बचे 722 लैपटॉप में से किया जाएगा। लैपटॉप योजना का लाभ दोनों बोर्डों और दोनों कक्षाओं की बोर्ड से प्राप्त सूची के आधार पर ऊपर से नीचे के क्रम में किया जाएगा।