शहर के पर्यावरण पार्क में मस्ती करते बच्चे। संवाद
सुल्तानपुर। मौसम का मिजाज दिन-प्रतिदिन बदल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह से सर्द हवा ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, सुबह में धूप निकली, लेकिन हवा में ठंडक से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल सकी। दोपहर में पर्यावरण पार्क खुला तो अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों ने खूब मस्ती की।
बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई गिरावट से आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह और शाम के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही, और लोग आवश्यक काम से ही घरों से बाहर निकले। दोपहर में धूप से लगा कि राहत मिलेगी, लेकिन शाम ढलते ही फिर ठिठुरन ने बेहाल कर दिया। बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ गई है। ठंड के चलते बुजुगों और बीमार लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 2.5 डिग्री की कमी रही। उत्तरी-पश्चिमी हवा की गति 2.8 किमी/घंटा रही। आगामी 24 घंटे में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने, औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने और हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है।