लंभुआ। बहन की शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर घर आए मर्चेंट नेवी कर्मी आवेश (32) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर रात सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे पर रहायतपुर मोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई।
हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार प्लंबर नदीम भी घायल हो गया। गंभीर हालत में लखनऊ ले जाते समय रास्ते में आवेश ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचा तो शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मदनपुर पनियार गांव निवासी आवेश मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। उनकी छोटी बहन गुलफ्शा की शादी छह अक्तूबर को होनी थी। शादी में शामिल होने के लिए वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। बृहस्पतिवार रात वह प्लंबर नदीम के साथ शौचालय निर्माण का सामान लेने लंभुआ गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रहायतपुर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी लंभुआ पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने आवेश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां बेड नहीं मिलने पर परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शव गांव पहुंचा तो मां तैयबा समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। छह अक्तूबर को घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन भाई की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।
पिता तौकीर बहरीन में नौकरी करते हैं और इन दिनों घर आए हुए थे। अपराध निरीक्षक इंसाफ अली ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे में घायल नदीम की हालत सामान्य बताई जा रही है।
आवेश। (फाइल फोटो) स्रोत-परिजन