सुलतानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे की हनुमानगंज स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को 10 घंटे का मेगा रोड ब्लॉक लिया गया। इस दौरान रेल ट्रैक मरम्मत समेत अन्य कार्य किए गए। इसकी वजह से हाईवे की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। लोगों को गंतव्य को जाने के लिए आसपास के वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर जाम की नौबत दिखी।
लखनऊ-वाराणसी रेलवे रूट के पखरौली रेलवे स्टेशन स्थित हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 69 बी पर रविवार को सुबह आठ बजे से मेगा रोड ब्लॉक लिया गया। मेगा रोड ब्लॉक से सुबह आठ से शाम छह बजे तक हाईवे स्थित रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया।
रेलवे लाइन के डाउन ट्रैक के वार्षिक अनुरक्षण कार्य को लेकर दिन भर पचासों रेलकर्मी व इंजीनियर रेल ट्रैक मरम्मत समेत अन्य काम में लगे रहे। उत्तर रेलवे के सहायक मंडल अभियंता द्वितीय की देखरेख में सुबह आठ बजे से रेलवे गेट को बंद कर डाउन लाइन पर अनुरक्षण कार्य की शुरुआत हुई।
हाईवे पर आवाजाही को रोक दिया गया। लोगों ने आवाजाही के लिए हाईवे के दोमुंहा चौराहे से पखरौली, लोलेपुर, अयोध्या बाईपास तथा प्रयागराज हाईवे पर दुर्गापुर-लंभुआ रोड का सहारा लिया। पुलिस व प्रशासन की ओर कुछ स्थानों पर ही यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई थी। इस वजह से कई स्थानों पर दिन में जाम की नौबत भी दिखी।
स्टेशन अधीक्षक पखरौली आरएस भारती ने बताया कि रेल ट्रैक मरम्मत समेत अन्य कार्यों के लिए हनुमानगंज क्रॉसिंग पर रविवार को सुबह आठ से शाम छह बजे तक रोड ब्लॉक लिया गया था। कार्य पूरा होने के बाद आवाजाही के लिए क्रॉसिंग को खोल दिया गया।