मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार को फल वितरण की योजना जिले में पहले दिन ही धराशायी हो गई। शासन के निर्देश के मुताबिक प्रार्थना के तुरंत बाद फल वितरण किया जाना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अधिकतर स्कूलों में शिक्षक जनप्रतिनिधियों की राह देखते रहे।
कड़ी मॉनिटरिंग के दावे के बीच स्कूलों में 10 बजे के बाद ही बच्चों को फल वितरित किया जा सका। फल की व्यवस्था भी मुकम्मल नहीं दिखी। अधिकतर स्कूलों में फलों की गुणवत्ता निम्न स्तर की रही।
कुड़वार विकासखंड मुख्यालय पर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम, द्वितीय, जूनियर हाईस्कूल, कुड़वार द्वितीय में जनप्रतिनिधियों के इंतजार में फल के वितरण में विलंब हुआ। यहां 10 बजे के बाद फल वितरित किया जा सका।
बल्दीराय विकासखंड क्षेत्र के बहुरावां, देवरा, ऐंजर, आछरपुर एवं सेवरा में स्थित विद्यालयों में भी कमोबेश यही स्थिति रही। मोतिगरपुर के शाहपुर नानेमऊ, पारसपट्टी, मोतिगरपुर समेत कई विद्यालयों में बच्चों को फल वितरित किया गया। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, बीएसए दीवान सिंह यादव, जिला समन्वयक एमडीएम संदीप यादव की उपस्थिति में नगर क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय मखदूमराम में फल वितरित किया गया।