कूरेभार। मुजेश गांव के पास से गुजरी शारदा सहायक खंड-16 की नहर के किनारे स्थित बबूल के पेड़ से रविवार सुबह एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान अयोध्या जिले के बीकापुर के बेनीपुर निवासी दीप प्रकाश की पत्नी राधा (27) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
अयोध्या जिले के हैदरगंज के बैसूपाली निवासी व मृतका के भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन राधा का विवाह 2020 में बेनीपुर निवासी दीप प्रकाश से हुआ था। उनके मुताबिक शनिवार को उनके जीजा दीप प्रकाश ने फोन से बताया कि राधा घर से कहीं चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो बीकापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
रविवार सुबह उन्हें पता चला कि उनकी बहन राधा का शव कूरेभार के मुजेश गांव के पास पेड़ से लटका मिला है। उन्होंने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बीकापुर कोतवाली में तहरीर दी है। उनके मुताबिक उनकी बहन राधा गर्भवती थीं। राधा की एक बेटी इच्छा (02) है। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सावंत ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।