सुल्तानपुर। हरियाली तीज का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। हरे रंग की साड़ियों, चूड़ियों, मेहंदी और शृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए सुबह से देर शाम तक महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। इस बार हरे और सफेद रंग के कॉम्बिनेशन वाली साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
कपड़ा बाजार में सिल्क, ऑर्गेंजा, जॉर्जेट, कॉटन और प्रिंटेड साड़ियों के नए कलेक्शन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। रुद्रनगर स्थित एक कपड़ा शोरूम के संचालक सनी अग्रवाल ने बताया कि 700 से 5,500 रुपये तक की साड़ियों की सबसे अधिक मांग है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए पहले ही पर्याप्त स्टॉक मंगा लिया गया था, जिससे उन्हें मनचाहे डिजाइन आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।
कपड़ा व्यापारी सुदीप पाल सिंह के अनुसार, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार हरे और सफेद रंग के संयोजन वाली साड़ियों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। महिलाएं पारंपरिक लुक के साथ आधुनिक डिजाइन को भी पसंद कर रही हैं। वहीं, व्यापारी गौरव अग्रहरि ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान पर 400 रुपये से लेकर 12 हजार रुपये तक की साड़ियों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है, जिससे हर बजट के ग्राहकों के लिए विकल्प मौजूद हैं।
समय से पहले खरीदारी का उत्साह
हरियाली तीज पर हरी साड़ी पहनने की परंपरा है। इस बार नए डिजाइन की साड़ी पहले ही खरीद ली। बाजार में अच्छी वैरायटी और बजट के अनुरूप कई विकल्प मिल रहे हैं। अर्पिता मिश्रा
हरी-श्वेत कॉम्बिनेशन बना पहली पसंद
हरे और सफेद रंग के कॉम्बिनेशन वाली साड़ियां इस बार बेहद आकर्षक हैं। पर्व पर नई साड़ी पहनने का अलग ही उत्साह होता है, इसलिए समय रहते खरीदारी कर ली। दीक्षा तिवारी