सुल्तानपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर प्रत्येक सप्ताह होने वाले लॉकडाउन के पहले दिन बाजारों की रौनक गुल रही। शनिवार को आवाजाही ठहरा रहा और सड़कें सूनी रहीं। दुकान प्रतिष्ठान व सरकारी कार्यालय बंद रहे। लॉकडाउन के अनुपालन के लिए पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी।
कई लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई भी की है। अधिकारियों ने लॉकडाउन का जायजा लिया। इस बीच शहर में स्वच्छता, साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दो दिनों के लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दुकान, प्रतिष्ठान व सरकारी कार्यालय बंद रहे। आवाजाही ठप रही। हाईवे को छोड़कर अन्य सड़कें दिनभर सूनी रहीं। लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया।
पुलिस चौराहों व प्रमुख मार्गों पर चेकिंग करती रही। इस बीच लॉकडाउन के उल्लंघन में कई के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीएम सी. इंदुमती ने लोगों से लॉकडाउन का अनुपालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग घरों में रहें।
मेडिकल स्टोर समेत जरूरी दुकानें रहीं संचालित
लॉकडाउन के पहले दिन मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप, बैंक समेत अन्य जरूरी कार्यालय संचालित रहे। मेडिकल स्टोरों पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराया गया। इसके अतिरिक्त सभी दुकानें बंद रहीं। दुकानें बंद रहने से शहर सूना रहा। आवाजाही बंद रहने से पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भीड़ नहीं रही।
स्वच्छता, सफाई व सैनिटाइजेशन का कराया गया कार्य
सप्ताह में दो दिनों के लॉकडाउन के पहले दिन कोरोना संक्रमण व संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, स्वच्छता व सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में सफाई कराई गई। नाली-नाबदानों के किनारे ब्लीचिंग का छिड़काव कराया गया। सार्वजनिक स्थलों पर सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया।
डीपीआरओ केके सिंह चौहान ने बताया कि रविवार को भी सफाई, स्वच्छता व सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा। शहरी क्षेत्र में अग्निशमन विभाग की ओर से सरकारी कार्यालयों व सार्वजनिक जगहों पर सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। शहर में संक्रमित पाए गए मरीजों के मोहल्लों में भी सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि दीवानी न्यायालय व तहसील में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया।