रामलीला मैदान में मतदाता सूची देखते लोग। स्रोत- सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। पंचायत की प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची से काफी मतदाताओं के नाम गायब हैं। नाम नहीं मिलने पर लोगों को दोबारा आवेदन करना पड़ रहा है। इसके लिए लोग रोजाना बूथों पर पहुंच रहे हैं। सूची में एक ही व्यक्ति का दो बार नाम व मृतकों के नाम भी मिल रहे हैं।
कुड़वार ग्राम पंचायत की अनंतिम मतदाता सूची में मृतक और दो जगह एक ही मतदाताओं का अभी भी दर्ज है। सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने के बाद भी नये मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ। बीएलओ की लापरवाही का खामियाजा मतदाताओं को भुगतना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सूची देखने के बाद कुड़वार निवासी राहुल और कमल ने बताया कि कुड़वार की मतदाता सूची के वार्ड संख्या 10 में शांती पत्नी दुर्गा प्रसाद कई वर्ष पहले मर चुकी हैं। सरकौडा निवासी विनोद सिंह ने बताया कि वार्ड 10 में रामसिंह, कृपाली, अन्तरानी ,लल्ली, रामलली आदि मृतक हैं। इसके बावजूद अनंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज है। कुड़वार के शिवेंद्र सिंह व शुभेेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत की मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए अभिलेख देने के बाद भी नाम नहीं बढ़ा।
अनंतिम सूची देखने के बाद इसकी जानकारी मिली। बीएलओ ने दोबारा आवेदन करने की सलाह दी है। कई मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज है। इसी तरह अन्य बूथों पर भी खामियां मिल रही हैं। प्रभारी अधिकारी सदानंद चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची की खामियों को दावे-आपत्तियां लेकर दुरुस्त कराया जाएगा।
बूथों पर बीएलओ की सूची देखते रहे लोग
विधानसभा क्षेत्र गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतिम दिन भी बीएलओ शुक्रवार को प्रपत्रों को भराते रहे। बूथों पर बीएलओ की ओर से बनाई गई सूची का लोग निरीक्षण करते रहे। रामलीला मैदान में बीएलओ की सूची देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि अनंतिम मतदाता सूची 30 दिसंबर को प्रकाशित होगी। इसके बाद दावे-आपत्तियां ली जाएंगी।