सुल्तानपुर। निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण/नोडल अधिकारी वंदना वर्मा ने शनिवार को जिले में हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। सबसे पहले वह ब्लाॅक दूबेपुर के सोमनाभार गांव पहुंचीं।
यहां नरसिंह भगवान मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्हें 90 प्रतिशत कार्य पूरा मिला। उन्होंने यात्री हॉल में लगी खिड़कियों में ग्रिल तथा सीढि़यों पर रेलिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के साथ ही इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट काॅपोर्रेशन लिमिटेड ने अवगत कराया कि अवशेष कार्य जून माह तक पूरा कर लिया जाएगा। बरसात के बाद इंटरलॉकिंग कार्य फिर से कराया जाएगा। नोडल अधिकारी वृहद गो संरक्षण केंद्र सिरवारा में गोवंशों के खाने के लिए उपलब्ध चारा-भूसा के साथ चिकित्सीय व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने राज्य स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में 100 शैय्या युक्त क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार के जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित संस्था को फिनिशिंग व साफ-सफाई का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी कुमार हर्ष व मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले जिले में पहुंचने पर अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।