सुल्तानपुर। मंडी समिति की ओर से धान क्रय केंद्रों को उपकरणों की आपूर्ति की जाएगी। पहली नवंबर से होने वाली खरीद को देखते हुए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए 71 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
शासन के निर्देश पर किसानों से धान खरीद के लिए जिले में चार विभागों की ओर से क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीसीएफ के 44, विपणन विभाग के 24, एफसीआई के दो व मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है। प्रशासन ने मंडी समिति को खराब हो चुके उपकरणों के बदले नए उपकरणों की आपूर्ति करने का निर्देश दिया है।
मंडी समिति की ओर से डस्टर (सफाई मशीन), इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र अक्तूबर के तीसरे सप्ताह तक केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि ई-पॉश मशीन की आपूर्ति शासन की ओर से नामित फर्म की ओर से की जाएगी। केंद्रों पर पंजीकृत किसानों से ही धान की खरीद की जाएगी।
धान का बढ़ाया गया 143 रुपये प्रति क्विंटल रेट
शासन ने धान का भाव 143 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा दिया है। दाम बढ़ाए जाने से धान का प्रति क्विंटल रेट 2183 रुपया हो गया है। पिछले वर्ष 2040 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों से धान की खरीद की गई थी।