कोतवाली देहात थाने में मौजूद मुठभेड़ में गिरफ्तारी आरोपी दीपक सोनकर। स्रोत-पुलिस
भदैंया। कोतवाली देहात क्षेत्र के जनऊपुर गांव में युवक की हत्या और उसके बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल को खेत में छिपाया था। बरामदगी के दौरान आरोपी ने खेत से पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को जनऊपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के धोपाप निवासी दीपक सोनकर ने पिस्टल से ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग में दो सगे भाई मोहित सोनकर और मंगल सोनकर को गोली लगी, जबकि उनके पिता होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर भी घायल हो गए थे। तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित सोनकर को मृत घोषित कर दिया।
मंगल को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। मृतक की मां शारदा की तहरीर पर रमेश, दीपक, रामस्वारथ, विपिन, लल्लू की पत्नी और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक सोनकर को बृहस्पतिवार देर रात लंभुआ के धोपाप गांव में उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि घटना में इस्तेमाल पिस्तौल उसने खेत में फेंक दी है। पुलिस टीम मौके पर लेकर पहुंची तो आरोपी ने खेत में उगी झाड़ियों में छिपाई गई पिस्तौल को उठाकर अचानक फायर कर दिया। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी दीपक सोनकर के पैर में गोली लग गई।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक सोनकर कोतवाली लंभुआ का हिस्ट्रीशीटर है।