अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राएं व अतिथि। संवाद
सुल्तानपुर। शहर के राजकीय पुस्तकालय में बृहस्पतिवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में कॅरिअर निर्माण में पुस्तकों की भूमिका विषय पर युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। विशेषज्ञों ने भी कॅरिअर निर्माण में पुस्तकों की भूमिका पर युवाओं का मार्गदर्शन दिया और पुस्तकों को कॅरिअर का आधार बनाने का सुझाव दिया।
मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव ने कहा कि पुस्तकों से दोस्ती करने वाले निश्चित ही सफलता प्राप्त करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पुस्तकों को अपना साथी बनाना चाहिए। चाहे एआई का युग हो या और कुछ, पुस्तकें सदैव प्रासंगिक रहेंगी और अपने पाठकों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।
जिला पुस्तकालय के प्रभारी केशव प्रसाद सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे प्राचीन ग्रंथ की रचना भारत में हुई। पाठकों से स्क्रीन टाइम कम कर पन्नों की ओर लौटने का आग्रह भी किया। उन्होंने पाठकों से आग्रह किया कि अपने आसपास के अधिकाधिक छात्रों और लोगों को पुस्तकालय सुविधा का लाभ उठाने लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर पुस्तकालय के कोआर्डिनेटर नीरज शर्मा, शैलेश यादव, पूनम सहित बड़ी संख्या में पाठक उपस्थित रहे।
..
छात्रों के प्रश्न-
सवाल: प्रतियोगी छात्रों को लंबे समय तक वैकेंसी का इंतजार करना पड़ता है। यदि भर्ती का वार्षिक कैलेंडर जारी हो तो तैयारी आसान होगी। (साक्षी गुप्ता)
जवाब: विद्यालयों के शैक्षणिक कैलेंडर की तरह प्रतियोगी परीक्षाओं का भी वार्षिक कैलेंडर होना चाहिए। इससे अभ्यर्थियों को पहले से तैयारी की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।
सवाल: पेपर लीक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। (विक्रमांश सिंह)
जवाब: पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया है। सख्ती रहेगी तो पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।