सुल्तानपुर। लखनऊ-बलिया राजमार्ग उघड़पुर से मोतिगरपुर तक चौड़ा किया जाएगा। सात मीटर चौड़े मार्ग को 10 मीटर किया जाएगा। आवागमन की समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर 32 करोड़ रुपये के कार्य को जल्द मंजूरी मिलने के आसार हैं। मार्ग चौड़ा होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
टेढ़ुई से सूरापुर तक करीब 48 किमी मार्ग अभी सात मीटर चौड़ा है। बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही से इस पर व्यस्तता बढ़ गई है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने बीच में उघड़पुर से मोतिगरपुर तक करीब 12 किमी मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। बताया जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी के वित्त विभाग में मार्ग की पत्रावली पहुंच गई है। वित्त विभाग की सहमति मिलते ही शासन से मार्ग को चौड़ा करने की स्वीकृति मिलने के आसार हैं।
विभाग की सहायक अभियंता चित्रा वर्मा ने बताया कि प्रत्येक किमी करीब ढाई करोड़ रुपये की दर से प्रस्ताव तैयार किया गया था। शहर से उघड़पुर तक अभी करीब एक साल पहले मार्ग का नवीनीकरण कराया गया था। इसकी वजह से इस हिस्से का प्रस्ताव नहीं भेजा गया है। बीच के हिस्से को चौड़ा करने के बाद इस हिस्से का प्रस्ताव भेजा जाएगा। टुकड़ों में पूरा मार्ग चौड़ा किया जाएगा। सहायक अभियंता ने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।