सुल्तानपुर। बाइक सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार सुबह साइकिल से जा रही एक युवती का बैग लूट लिया। बैग में साढ़े तीन हजार रुपये के साथ ही मोबाइल सेट और खाने का टिफिन था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका। यह जरूर पता चला कि बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
लूट की घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हरीरामपुर पखरौली निवासी विनय सिंह की पुत्री निकिता सिंह (24) के साथ हुई। निकित क्षेत्र के सौरमऊ के पास एक ड्रग एजेंसी पर नौकरी करती हैं। वह शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे साइकिल से ड्यूटी जा रही थीं। रास्ते में सौरमऊ गेट के पास पीछे से पहुंचे बाइक सवार दो युवक उसका बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद निकिता एजेंसी पर पहुंची और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला। एक कैमरे में बाइक सवार दोनों बदमाश कैद हुए हैं। निकिता के अनुसार बैग में साढ़े तीन हजार रुपये के साथ ही मोबाइल सेट और खाने का टिफिन था।