सुल्तानपुर। नेशनल गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल में नियम विरुद्ध नियुक्तियों की जांच के लिए लोकायुक्त की टीम शनिवार को जिले में पहुंची। बीएसए कार्यालय में स्कूल के प्रिंसिपल, प्रबंधक व शिकायतकर्ताओं का बयान दर्ज किया गया। साथ ही प्रिंसिपल की नियुक्ति की फाइल भी सील की गई।
लोकायुक्त कार्यालय के समीक्षा अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम शनिवार को नेशनल गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल में हुई नियुक्तियों की जांच के मामले में जिले में पहुंची। बीएसए कार्यालय में बैठकर टीम ने स्कूल के प्रबंधक, प्रिंसिपल और शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया।
इसके साथ ही प्रिंसिपल डॉ. तसनीम फातिमा की नियुक्ति से संबंधित फाइल सील करने की कार्रवाई की गई। बीएसए कार्यालय में प्रबंधक मोहम्मद शमीम ने भी अपना बयान दर्ज कराया। इस मौके पर बीएसए दीवान सिंह यादव, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राम यश यादव, स्टेनो जय प्रकाश तिवारी मौजूद रहे।
रद्द हो चुुकी हैं नियुक्तियां
नेशनल गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल में प्रबंध समिति की ओर से की गईं नियुक्तियां रद्द की जा चुकी हैं। नियम विरुद्ध नियुक्तियों के मामले में तत्कालीन एडी बेसिक अयोध्या मंडल मनोज गिरि ने कार्रवाई करते हुए वेतन सहमति देने वाले तत्कालीन बीएसए के विरुद्ध आरोप पत्र भी मंगाया था।
जांच में सहयोग के निर्देश
लोकायुक्त के स्तर से हो रही जांच में मामले में नेशनल गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल को सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कार्यालय से भी जांच के लिए पत्राजात उपलब्ध कराए गए हैं।
- दीवान सिंह यादव, बीएसए।