सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। इस बार जिले में 122 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा होगी। इन केंद्रों पर 76,694 हाईस्कूल व इंटर मीडिएट के परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। पूर्व में बनाए गए 104 केंद्रों में से पांच विद्यालयों ने परीक्षा कराने से हाथ खड़े कर दिए। अब दोबारा जारी सूची में 23 नए केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि परीक्षा में हाईस्कूल के 40,122 व इंटरमीडिएट के 36,572 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसमें हाईस्कूल में 20360 बालक, 19582 बालिका व प्राइवेट 180 विद्यार्थी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में 17506 बालक, 18137 बालिका व 929 प्राइवेट विद्यार्थियों ने नामांकन किया है। वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा की अपेक्षा इस बार 2972 परीक्षार्थी कम हो गए हैं, बीते वर्ष 79666 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए मानक तय किए गए हैं। जिसमें उनके द्वारा अपलोड सूचना और जांच अधिकारी की ओर से अपलोड की गई सूचनाओं के आधार पर नंबर के आधार पर ग्रेडिंग की गई है। जिसमें प्रथम वरीयता राजकीय विद्यालयों को, द्वितीय नंबर पर एडेड विद्यालयों और अंत में वित्त विहीन विद्यालयों को शामिल किया गया है।
ग्रेडिंग को ध्यान में रखते हुए सबसे अधिक अंक वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा केंद्र की सूची के बाद जिला स्तर पर प्रत्यावेदन के आधार पर उनकी खामियों को दूर कर लिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि अंतिम सूची जारी हो गई है, इसके बाद भी 22 दिसंबर तक केंद्र के संबंध में शिकायत की जा सकती है, उसके बाद जांच कराई जाएगी और 30 दिसंबर तक समस्याओं का निस्तारण कराकर संशोधित सूची जारी की जाएगी।