गौरीगंज। टूटे ब्रेक रिलीजिंग वायर के सहारे ट्रैक पर दौड़ रही लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रायबरेली जाने वाली साकेत लिंक एक्सप्रेस रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। गेट मैन की सूचना पर ट्रेन की खामी को स्थानीय स्टेशन पर चालक व गार्ड ने ठीक किया। इस दौरान ट्रेन करीब 40 मिनट स्थानीय रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलकर रायबरेली जाने वाली साकेत लिंक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार व रविवार को स्थानीय स्टेशन से होकर गुजरती है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के निर्धारित समय 7:28 मिनट के बजाय रविवार सुबह यह ट्रेन 9:10 बजे पहुंची। ट्रेन अमेठी की ओर से आते समय पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 112-सी पर पहुंची ही थी कि गेटमैन भरतलाल ने देखा कि गार्ड के पीछे वाले डिब्बे का ब्रेक रिलीजिंग वायर टूटकर लटक रहा है।
गेटमैन ने तत्काल इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह को दी। गेटमैन की सूचना मिलने तक ट्रेन स्टेशन पर पहुंच चुकी थी। स्टॉपेज के चलते ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना चालक व गार्ड के साथ उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद चालक व गार्ड ने टूटे ब्रेक रिलीजिंग वायर को देखना शुरू किया तो पता चला कि उस डिब्बे का डायनमो बेल्ट टूटी है।
बाद में कड़ी मशक्कत के बाद चालक व गार्ड ने दोनों कमियां दुरुस्त करने के बाद मेमो देकर ट्रेन को रायबरेली ले गए। इस दौरान ट्रेन करीब 40 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि यदि गेटमैन की इस पर निगाह नहीं पड़ती तो वह डिब्बा कहीं भी पलट सकता था।