जिले में हो रही भीषण गर्मी से लोगों को शनिवार को भी राहत नहीं मिल पाई। दिन भर हुई भीषण गर्मी से अधिकतम तापमान बढ़कर 41.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पुरवा हवा चलने से दिन भर उमस जारी रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी।
शनिवार को भी जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। भोर में आसमान में हल्के बादल रहने के बाद सुबह करीब सात बजे मौसम साफ हो जाने से धूप निकल आई। करीब नौ बजे आते-आते तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए।
दोपहर के समय चिलचिलाती धूप होने लगी। दिन भर हुई भीषण गर्मी होने से जनजीवन बेहाल हो गया। धूप से बचाव के लिए लोगों को गमछा व छाता का सहारा लेना पड़ा। पुरवा हवा चलने उमस भरी गर्मी जारी रही। दिन भर हुई भीषण गर्मी से अधिकतम तापमान बढ़कर 41.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग की मानें तो रविवार को मौसम साफ रहने और तापमान में इजाफा होने की संभावना है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह नागा ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 41.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम में आर्द्रता (नमी) 76-41 फीसदी रही। उत्तरी-पुरवा हवा की गति 3.6 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई।