सुल्तानपुर। कृषि उत्पादन मंडी समिति में लॉकडाउन के उल्लंघन पर सभापति ने 13 फर्मों का लाइसेंस निलंबित कर दिया। कई बार चेतावनी के बाद सुधार नहीं आने पर सभापति ने यह कार्रवाई की है। इसके साथ ही आठ फर्मों को चेतावनी नोटिस जारी की गई है।
25 मार्च से कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चल रहे लॉकडाउन में प्रशासन के निर्देश पर मंडी समिति का संचालन चल रहा है। मंडी समिति के संचालन के लिए प्रशासन ने फुटकर खरीदारों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है।
साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन का निर्देश दिया था। प्रशासन के निर्देश के बाद भी आए दिन मंडी समिति में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती रहीं। फुटकर खरीदारों की भोर से ही भीड़ जुटती रही।
कई बार प्रशासन व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और फर्मों को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने का निर्देश दिया। इसके बाद भी मंडी समिति में लॉकडाउन का उल्लंघन होता रहा। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर/सभापति ने मंडी समिति के 13 फर्मों का लाइसेेंस बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया।
सभापति रामजी लाल ने आठ फर्मों को चेतावनी नोटिस जारी की है। कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग व लॉकडाउन का अनुपालन नहीं करने पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।