सुल्तानपुर। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बनी अलहदादपुर गांव में बुधवार की सुबह तेंदुआ निकलने की अफवाह से हड़कंप मच गया। कुछ ग्रामीणों ने खेतों में एक जंगली जानवर के घुसने का वीडियो मोबाइल से बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की क्षेत्रीय टीम मौके पर पहुंच गई। वन कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की मदद से गांव के पास स्थित खेत व बाग का जायजा लिया। वन विभाग की टीम के मुताबिक जिस जंगली जानवर का वीडियो वायरल किया गया, वह तेंदुआ नहीं बल्कि अन्य कोई जानवर है। फिलहाल ग्रामीणों को खेतों की ओर जाने के प्रति सावधान किया गया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बनी अलहदादपुर गांव में बुधवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने खेतों के पास एक जंगली जानवर को दूर से घूूमते हुए देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए की तरह से दिखने वाले जानवर का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया।
कुछ ही देर में जंगली जानवर गन्ने के खेतों में घुस गया। गांव में इसकी सूचना फैलते ही हड़कंप मच गया। तेंदुआ से आशंकित ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। डीएफओ आनंदेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर फतेह बहादुर खान वन कर्मियों की टीम के साथ अलहदादपुर गांव पहुंचे। वन कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की मदद से खेतों में जानवर की तलाश शुरू की।
वीडियो में दिखाए गए गन्ने के खेत में चारों ओर कांबिंग करके चप्पा-चप्पा खंगाला गया लेकिन कोई जानवर नहीं मिला। इसके बाद खेत के बगल स्थित बाग के पेड़ों पर भी जानवर की खोज की गई लेकिन वहां पर भी कुछ पता नहीं चल सका।
खेत में मौजूद पग चिह्न के आधार पर भी जानवर की पहचान नहीं हो सकी। दोपहर तक तलाश करने के बाद वन विभाग की टीम लौट आई। क्षेत्रीय वनाधिकारी फतेह बहादुर खान ने बताया कि जिस जानवर का वीडियो बनाया गया है, उसकी पीठ पर ब्लैक स्पॉट नहीं दिख रहे हैं। इसलिए उसे तेंदुआ नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।