घूस लेने के आरोप में लेखपाल निलंबित
सुल्तानपुर। तहसील क्षेत्र के एक लेखपाल पर रिश्वतखोरी के मामले में निलंबन की गाज गिरी है। लेखपाल का शनिवार को घूस लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ने कार्रवाई की है।
शनिवार को कादीपुर तहसील क्षेत्र के मझगवां ग्राम पंचायत के लेखपाल अमरनाथ सिंह का वरासत के मामले में घूस लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया था।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम कादीपुर महेंद्र सिंह ने रविवार को रिश्वतखोरी के मामले में लेखपाल अमरनाथ सिंह को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि लेखपाल को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।