ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण अंचल के मंदिरों पर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर घर-परिवार की खुशहाली की कामना की। स्वयंसेवी संगठनों की ओर सेे दिन भर कहीं भंडारा व कहीं शर्बत वितरण का दौर चला। श्रद्धालुओं के ‘ऊं नमो हनुमते रुद्रावताराय’ मंत्र से हनुमान मंदिर गुंजायमान रहे।
शहर के चौक, रुद्रनगर, शास्त्रीनगर, दरियापुर आदि मोहल्लों में स्थित हनुमान मंदिरों में जेठ के चौथे मंगल पर भक्तिमय माहौल रहा। शहर के प्रमुख मंदिरों में रामचरित मानस व सुंदरकांड पाठ हुआ। सभी हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। ग्रामीण क्षेत्र के लंभुआ, भदैंया, चांदा, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर, कुड़वार, बल्दीराय, दूबेपुर, अखंडनगर, कूरेभार, धनपतगंज आदि स्थानों पर हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
शहर समेत ग्रामीण अंचल में स्वयंसेवी संगठनों ने स्टॉल लगाकर राहगीरों को शर्बत पिलाकर पुण्य लाभ कमाया। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास राखी त्रिपाठी ने पूड़ी सब्जी के साथ शर्बत वितरण करवाया। मंगलवार को सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा पाठ का सिलसिला दिन भर जारी रहा। साथ ही चौक व रुद्र नगर स्थित हनुमान मंदिरों में मूर्तियों को सजाकर भोग लगाया गया। रुद्रनगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव पर भंडारे का आयोजन किया गया।