जनरल सर्जन डॉ. वैभव शर्मा ने सफलतापूर्वक किया पथरी का ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज के पुरुष अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन विधि) ऑपरेशन फिर शुरू हो गया है। जनरल सर्जन डाॅ. वैभव शर्मा ने एक मरीज की पित्ती थैली से पथरी दूरबीन विधि सेआपरेशन करके बाहर निकाला।
दूबेपुर के भाईं गांव निवासी विनय की मां कमलेश को पथरी की दिक्कत थी। वह मेडिकल कालेज में तैनात डॉक्टर वैभव शर्मा को दिखाया और उनसे दूरबीन विधि द्वारा आपरेशन करने का निवेदन किया। इस पर डॉक्टर ने सहमति दी और पथरी दूरबीन विधि से आपरेशन करके निकाल दी। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थेटिस्ट डाॅ. आरके मिश्र और ओटी स्टाफ समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस बारे में प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्राॅमा सेंटर पर सीटी स्कैन की जांच शुरू
अमहट। मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में पिछले तीन दिन से सीटी स्कैन मशीन खराब चल रही थी। जिसकी वजह से बड़ी संख्या में मरीजों को या तो लौटना पड़ रहा था। या फिर उन्हें बाहर से महंगे दाम में सीटी स्कैन कराना पड़ रहा था। अमर उजाला में मंगलवार को यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद टेक्नीशियनों ने मशीन को ठीक किया। जिसके बाद सीटी स्कैन सेवा शुरू कर दी गई। यह जानकारी सीएमएस डॉ. एसके गाेयल ने दी। (संवाद)