भदैंया। कोतवाली देहात के लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कामतागंज के निकट पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर घर जा रहे मजदूर की बाइक को अनियंत्रित एसयूवी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में घायल मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। एसयूवी सवार मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
मृतक की पहचान लंभुआ के भदैंया के मुसहर बस्ती निवासी सोनू (25) के रूप में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक सोनू मजदूरी करते थे। उनका दो वर्ष पहले विवाह हुआ था। उनकी पत्नी उमा देवी गर्भवती हैं। सोमवार सुबह पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदैंया में भर्ती कराने के बाद सोनू बाइक से घर लौट रहे थे। सोनू ने हेलमेट नहीं पहना था। दोपहर करीब एक बजे कामतागंज बाजार के पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित एसयूवी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर ही सोनू की मौत हो गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बस व जीप में भिड़ंत, दो जख्मी
दोस्तपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर दोस्तपुर कस्बे के निकट सोमवार दोपहर करीब 03.35 बजे लखनऊ से आजमगढ़ जा रही रोडवेज की बस को पीछे से आ रही जीप ने ठोकर मार दी। इससे जीप की अगली सीट पर सवार भागीरथी (40) निवासी झाझौर, राजस्थान व भंवराराम (42) निवासी झालौन, राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बस पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर यूपीडा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर से जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोचन पांडेय ने बताया कि जीप चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। (संवाद)