सुल्तानपुर। जिले में बनाया गया मंडलीय लेवल-1 हॉस्पिटल कुड़वार संक्रमित मरीजों से फुल होने की कगार पर पहुंच गया है। हॉस्पिटल में मौजूद 30 बेड के सापेक्ष भर्ती मरीजों की संख्या 25 पहुंच गई है। पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन दूसरा एल वन हॉस्पिटल तैयार करने में जुट गया है।
प्रशासन की ओर से कुड़वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गया मंडलीय एल वन हॉस्पिटल में दो दिनों से मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। मंडलीय अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में मंगलवार को एकाएक बढ़ोतरी हुई है।
एल वन हॉस्पिटल में 12 मई को जिले के चार व अमेठी के पांच पॉजिटिव मरीज भर्ती होने से मरीजों की संख्या 25 हो गई है। प्रशासन के मुताबिक भर्ती संक्रमितों में अमेठी के सर्वाधिक 11, बाराबंकी के छह, सुल्तानपुर के छह व अंबेडनगर के दो मरीज हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हॉस्पिटल में 30 बेड ही बनाए गए हैं। मरीजों की संख्या 25 पहुंचने से एल वन हॉस्पिटल फुल होने की कगार पर है। हॉस्पिटल में मरीजों की संख्या में इजाफा होते देख प्रशासन की ओर से दूसरे एल वन हॉस्पिटल तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने कहा कि मंडल के अन्य जिलों में कोविड 19 एल वन हॉस्पिटल नहीं बनने पर केएनआईटी में अटैच एल वन अस्पताल बनाया जाएगा। नोडल/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि केएनआईटी में अटैच एल वन हॉस्पिटल बनाने की तैयारी चल रही है।