सुल्तानपुर। साइबर क्राइम के जरिए जालसाजों ने एक व्यापारी के खाते से 68 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। व्यापारी के मोबाइल पर जब रुपये कटने का मैसेज आया तो उसे जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार निवासी हरीश कुमार के मोबाइल पर मंगलवार की सुबह जालसाज ने बैंक से कुछ ऑफर बताकर उसके मोबाइल पर आए ओटीपी नंबर को बताने के लिए कहा।
व्यापारी ने उसके झांसे में आकर मोबाइल पर आए ओटीपी नंबर को बता दिया। इसके कुछ ही देर बाद व्यापारी के मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आने लगा तो उसके होश उड़ गए।
व्यापारी दुकान से भागकर बीओबी हनुमानगंज शाखा पहुंचा और इसकी जानकारी बैंक कर्मचारियों को दिया तथा बचे हुए पैसे को निकालकर खाते को बंद कराया। बैंक से दी गई जानकारी के मुताबिक जालसाज ने युवक के खाते से पांच बार में 68,000 हजार रुपये की शॉपिंग की थी।