सुल्तानपुर। कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (केएनआईटी) ने स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एसआईआरएफ) में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में पहला स्थान हासिल किया है। संस्थान को 300 में से 234 अंक मिले हैं। संस्थान का मूल्यांकन शैक्षणिक गुणवत्ता, प्लेसमेंट, शोध, नवाचार, अधोसंरचना और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों समेत 10 प्रमुख मानकों पर किया गया। सभी मानकों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर संस्थान को शीर्ष स्थान मिला।
निदेशक डॉ. आर.के. उपाध्याय ने बताया कि संस्थान ने हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जनवरी 2026 में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ अनुसंधान और प्रशिक्षण के लिए समझौता हुआ, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की 35 लाख रुपये की परियोजना मिली। इन्क्यूबेशन सेंटर में 40 से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं और आधुनिक लैब व स्किल डेवलपमेंट सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी संस्थान ने बेहतर प्रदर्शन किया है। सत्र 2024-25 में 16 कंपनियों ने भाग लिया और 215 छात्रों का चयन हुआ, जिसमें अधिकतम पैकेज 17.5 लाख रुपये वार्षिक रहा। उन्होंने कहा कि केएनआईटी गुणवत्ता, शोध और प्लेसमेंट को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिस्पर्धी बन सके।