लखनऊ में रिफ्ट प्रतियोगिता में अव्वल आने के बाद पुरस्कार लेते केएनआईटी के विद्यार्थी।-स्रोत संस
सुल्तानपुर। कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (केएनआईटी) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित रिफ्ट 2026 नवाचार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता पीडब्ल्यू इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेशन की ओर से आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के प्रमुख संस्थानों की 500 से अधिक टीमों ने भाग लिया।
विजेता टीम में आदित्य कुमार वर्मा (सिविल अभियंत्रण), अभय विश्वकर्मा व ईशान पांडे (विद्युत अभियंत्रण) और अनंत कुशवाहा (यांत्रिक अभियंत्रण) शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अलग-अलग शाखाओं के समन्वय और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सर्वोच्च स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में टीम ने फार्मागार्ड नाम की कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य समाधान प्रस्तुत किया। यह परियोजना परिशुद्ध औषधि पद्धति पर आधारित प्रणाली है, जो रोगियों के डीएनए आंकड़ों का विश्लेषण कर यह अनुमान लगाती है कि कौन-सी दवा सुरक्षित है और किससे प्रतिकूल प्रभाव हो सकता है। निदेशक डॉ. राजीव कुमार उपाध्याय ने इसे नवाचार समर्थ शैक्षणिक परंपरा का परिणाम बताया। विजेता टीम को एक लाख रुपये नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई।