कूरेभार। गोसाईगंज के गौरा निवासी डीजे संचालक कुंवर सिंह (35) की बृहस्पतिवार दोपहर करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक कुंवर सिंह अपने घर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़कर डीजे सेट कर रहे थे। तभी डीजे में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से वह झुलस गए और बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचे। वहां पर चिकित्सक डॉ. जसवंत आजाद ने कुंवर सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। कुंवर की पत्नी प्रियंका सिंह, पुत्र आरो सिंह (10), डुग्गु (07) व अब्बू सिंह (05) सदमे में हैं। कूरेभार थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि गोसाईगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। (संवाद)