अखंडनगर (सुल्तानपुर)। सजमपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात एसओजी व स्थानीय पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। हमले में शामिल तीनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घायल बदमाश की तलाश किशोर के अपहरण केस में कर रही थी।
अखंडनगर के चंदीपुर कुंदा भैरोपुर निवासी श्रीराम यादव ने गत 30 मार्च को अपने पुत्र शिवम (15) के अपहरण का केस दर्ज कराया था। अपहरण के कुछ ही घंटे बाद शिवम पुलिस को सकुशल मिल गया था। श्रीराम की तहरीर पर अखंडनगर पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
एक आरोपी अंगद यादव निवासी नारामधईपुर दोस्तपुर पकड़ा नहीं गया था। शुक्रवार देर रात अखंडनगर पुलिस को सूचना मिली कि अंगद अपने साथियों के साथ बाइक से रायपुर से भिलारा जा रहा है। सजनपुर गांव के पास पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर अंगद व उसके दो अन्य साथियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस टीम तो बाल-बाल बच गई, लेकिन जवाबी फायरिंग में एक गोली अंगद के दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने अंगद यादव, सत्यम यादव निवासी सल्लाहपुर कादीपुर व अंशू मौर्या निवासी दुरई पुरवा टीकर माफी, संग्रामपुर जिला अमेठी को गिरफ्तार कर लिया। तीनों बदमाशों के पास तीन असलहे, चार कारतूस मिले हैं।
घायल अंगद को अखंडनगर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि अंगद यादव और अंश मौर्या के खिलाफ दो आपराधिक केस दर्ज हैं। अंगद को अन्य आरोपियों के साथ पुलिस ने एसीजेएम मुक्ता त्यागी की अदालत में पेश किया, जहां से तीनों जेल भेज दिए गए।