बल्दीराय (सुल्तानपुर)। घर से बाजार निकले पूर्व प्रधान के पति का पांच लोगों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने पूर्व प्रधान को फोन करके 50 हजार रुपये की मांग की है। पूर्व प्रधान ने शनिवार को बल्दीराय थाने पहुंचकर तहरीर दी।
हलियापुर क्षेत्र के सैनी गांव की पूर्व प्रधान मालती देवी के पति आनंद शुक्रवार को बाजार गए थे। देर शाम तक आनंद घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मालती देवी का आरोप है कि सैनी बाजार के ही एक सेठ के मोबाइल फोन से उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने उनके पति आनंद से बात कराई। आनंद ने खुद को अगवा किए जाने की बात कही। अगवा करने वाले पांच लोगों का नाम बताए। इसके बाद कॉल पर बात कराने वाले ने आनंद से फोन ले लिया और मालती देवी से 50 हजार रुपये फिरौती की मांग की।
मालती का कहना है कि शनिवार सुबह एक बार फिर मोबाइल पर ऑल आई और अपहरणकर्ता ने धमकी दी। पति के अपहरण से भयभीत मालती देवी बल्दीराय थाने पहुंची और चार लोगों के खिलाफ पति के अपहरण किए जाने की तहरीर दी।
एसओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि वे दीवानी न्यायालय सुल्तानपुर आए थे। दीवान ने किसी महिला के तहरीर देने की सूचना दी है। मामला हलियापुर थाने का है इसलिए तहरीर वहां भेजी जा रही है।