अमेठी। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कमरौली रोड नंबर तीन पर सोमवार की भोर में ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकाल रहे एक खलासी को गिट्टी लदे ट्रक ने रौंद दिया।
हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक मालिक की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के दादूपुर निवासी ट्रक चालक दिलशाद अली रविवार को इंडो-गल्फ से खाद लादने पहुंचा था। दिलशाद के साथ ही खलासी इरफान (22) पुत्र सुकुरुद्दीन निवासी रामदेव पट्टी थाना रानीगंज जिला प्रतापगढ़ भी मौजूद था।
दोनों इंडो-गल्फ से खाद ट्रक पर लादकर जा रहे थे। रास्ते में कमरौली थाना क्षेत्र के रोड नंबर तीन के पास दिलशाद ट्रक को हाईवे किनारे खड़ा करके टायरों की जांच कर रहा था।
इस दौरान एक टायर में गिट्टी फंसी देखकर इरफान उसे निकालने लगा। तभी तेज रफ्तार एक दूसरे ट्रक ने इरफान को रौंद दिया। दुर्घटना में इरफान की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दिलशाद की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। एसओ कमरौली लक्ष्मीकांत सोनकर ने बताया कि ट्रक मालिक आदिल की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।