बेसिक शिक्षा अधिकारी और एएओ के औचक निरीक्षण में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बहादुरपुर की वार्डन के साथ ही चार टीचर व लेखाकार अनुपस्थित मिलीं। बीएसए ने सभी गैरहाजिरों के एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए अगले आदेश तक वेतन नहीं दिए निर्गत करने को कहा है।
बीएसए आनंद कुमार पांडेय व सर्व शिक्षा अभियान विभाग के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बहादुरपुर ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन मंजू तिवारी, पूर्णकालिक शिक्षिका आभा सिंह, अंशकालिक शिक्षिका नीतू सिंह व सीमा मिश्रा के साथ अंशकालिक शिक्षक जितेंद्र कुमार और लेखाकार अंजूलता नदारद मिलीं। इतना ही नहीं विद्यालय में मौजूद स्टाफ ने बताया कि इन लोगों ने अवकाश के संबंध में कोई सूचना नहीं दी है।
एक साथ छह लोगों को अनुपस्थित देख अधिकारी भी भौचक रह गए। वार्डन व अन्य कर्मियों की ओर से बरती गई इस मनमानी से नाराज बीएसए ने सभी अनुपस्थितों के एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए अगले आदेश तक वेतन निर्गत नहीं करने को कहा है। बीएसए की कार्रवाई से शिक्षा महकमे में हड़कंप मचा है।