02. कुड़वार क्रय केंद्र पर जानकारी लेता किसान। -संवाद
सुल्तानपुर। जिले में सोमवार से गेहूं खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, लेकिन पहले दिन किसी क्रय केंद्र पर बोहनी नहीं हो सकी। इसकी वजह अभी तक गेहूं की कटाई व मड़ाई नहीं शुरू होने का प्रकरण सामने आया है।
जिले में कुल 86 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष 2.85 लाख क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करीब 1.45 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती की गई है। अभी अधिकांश स्थानों पर फसल पकने की स्थिति में है और कटाई शुरू नहीं हो सकी है। खाद्य एवं विपणन विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष के बचे 255 गांठ प्लास्टिक बोरे उपलब्ध हैं। एक गांठ में 500 बोरे होते हैं, जबकि इस बार कुल एक हजार गांठ की व्यवस्था की जानी है। इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। किसानों से गेहूं की उतरवाई और छनाई का शुल्क लिया जाएगा। इसे बाद में गेहूं के मूल्य के साथ किसानों के खातों में वापस कर दिया जाएगा। अब तक 1,628 किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है। उनकी खतौनी का सत्यापन किया जा रहा है। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह ने सभी केंद्र प्रभारियों को बैनर के साथ केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि फसल की कटाई शुरू होने के बाद ही क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो सकेगी।
जानकारी लेने पहुंचे किसान
कुड़वार। स्थानीय कस्बे के निकट विपणन शाखा से संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर मौजूद विपणन सहायक बृजेश ने बताया कि सोमवार को कुछ किसान पंजीयन के बारे में जानकारी लेने पहुंचे थे। किसानों ने बताया कि अभी गेहूं कटने में समय लगेगा। पहले दिन किसी किसान का गेहूं नहीं आया।
195 किसान करा चुके हैं पंजीयन
कादीपुर। गेहूं क्रय केंद्र कादीपुर के विपणन निरीक्षक शिव बालक यादव ने बताया कि अभी गेहूं की फसल कटी नहीं है। फसल कटने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं केंद्र पर उपलब्ध हैं। गेहूं आते ही खरीदारी शुरू कर दी जाएगी। 195 किसानों ने अभी तक पंजीकरण कराया है। सोमवार को कोई खरीदारी नहीं की गई है।
02. कुड़वार क्रय केंद्र पर जानकारी लेता किसान। -संवाद