सुल्तानपुर। नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) की ओर से ''''ए'''' श्रेणी में मूल्यांकित कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान को हाल ही में स्वायत्तशासी संस्थान का दर्जा प्राप्त हुआ है। केएनआई ने स्वायत्तशासी संस्थान का दर्जा मिलने के बाद अपना पहला शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया है। कैलेंडर में प्रवेश तिथि, इंडक्शन मीटिंग, कक्षाओं को शुरू करने की तिथि के साथ ही मिडटर्म, सेमेस्टर व प्रयोगात्मक परीक्षा और मूल्यांकन की समय सीमा निर्धारित की गई है।
कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 का एकेडमिक कैलेंडर जारी करते हुए सभी गतिविधियों की तिथियां निर्धारित की है। इसके तहत प्रवेश प्रक्रिया एक मई से शुरू होकर आठ जुलाई तक चलेगी।
विद्यार्थियों का इंडक्शन प्रोग्राम (परिचयात्मक कार्यक्रम) 10 से 14 जुलाई तक व प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 17 जुलाई से शुरू होगी। मिड टर्म परीक्षा 12 से 16 सितंबर के बीच संपन्न होगी। प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं खत्म होने पर 14 से 24 नवंबर के बीच परीक्षा की तैयारी के अवकाश बाद प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन होगा।
बताया कि सेमेस्टर परीक्षाएं 25 नवंबर से नौ दिसंबर तक होगी। 10 दिसंबर से एक जनवरी 2024 के मध्य परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य होगा। द्वितीय सेमेस्टर की कक्षाएं दो जनवरी 2024 से शुरू होगी। द्वितीय सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षा 23 से 28 फरवरी 2024 के मध्य होगी। परीक्षाओं की तैयारी तथा प्रैक्टिकल परीक्षा एक से नौ मई 2024 तक होगी। प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक ही व्यवस्था का संचालन होगा।
प्रो. राधेश्याम बने उप प्राचार्य, डॉ. सुधांशु चीफ प्रॉक्टर
कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के छह प्रोफेसर 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसमें उप प्राचार्य एवं चीफ प्रॉक्टर भी शामिल थे। प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने हिंदी विभागाध्यक्ष तथा पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर राधेश्याम सिंह को उप प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही वह परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। परीक्षा समन्वयक का कार्य प्रो. बिहारी सिंह को सौंपा गया है जबकि भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. सुधांशु प्रताप सिंह को नया चीफ प्रॉक्टर बनाया गया है। संवाद