सुल्तानपुर। अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के अंतर महाविद्यालयी पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज कलान ने अवध विश्वविद्यालय परिसर की टीम को 21 रन से मात देकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज, कलान के उरेहा स्टेडियम में चल रही सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन मंगलवार को मैच का शुभारंभ प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने किया। विवि कैंपस टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। श्री विश्वनाथ कॉलेज की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 171 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से कैप्टन प्रवेश यादव ने 63 व अखिलेश यादव ने 32 रन का योगदान दिया। अवध विश्वविद्यालय कैंपस के गेंदबाज निमेश ने तीन व सौरभ ने दो विकेट लिए।
शिवेंद्र ने पांच छक्कों की मदद से 17 गेंद पर 37 रन बनाए। निमेश ने 16 गेंद पर 20 रन का योगदान दिया। उसके बाद विश्वनाथ पीजी कॉलेज के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए विवि कैंपस टीम को 150 रन पर रोक दिया। इस तरह श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज की टीम ने 21 रन से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। पहला सेमीफाइनल बुधवार दोपहर 12 बजे से श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज कलान व कामता प्रसाद सुंदरलाल साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या के मध्य खेला जाएगा।